शुक्रवार, 26 दिसंबर 2014

नरसंहार पर चुप्पी क्यों ?

78 लोग कम नहीं होते। नरसंहार हुआ है। बच्चे मरे हैं। महिलाएं मरी हैं। बुजुर्ग मरे हैं। घर जले हैं। ख्वाब खाक हुए हैं। विश्वास का कत्ल हुआ है। अहसास की हत्या हुई है। लेकिन सब चुप हैं। क्या हो गया है हमें। ना दुख है। ना मातम है। ना गुस्सा है। ना खबर है। ना बहस है। ना चर्चा है। ना संवेदना है।

सबको शोक में होना चाहिए था। देशभर में कोहराम मच जाना चाहिए था। आसमान को फट जाना चाहिए था। धरती को धंस जानी चाहिए थी। मीडिया में सिर्फ और सिर्फ यही खबर होनी चाहिए थी। प्रधानमंत्री को अभी असम में होना चाहिए था। राहुल गांधी को चाहिए था कि वो तरुण गोगोई से लोगों की सुरक्षा का हिसाब मांगते। संसद में बात-बात पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगनेवाले सीताराम येचुरी साहब, शरद यादव साहब को चाहिए था कि वो पीड़ितों से जाकर मिलते। उनकी आवाज उठाते। दिल्ली में एक कत्ल पर इंडिया गेट को कैंडल से भर देनेवालों को चाहिए था कि उन 78 लोगों के लिए कुछ कैंडल जला लेते। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। 

देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मवारी संभालनेवाले गृहमंत्री राजनाथ सिंह को असम जाते-जाते दो दिन लग गए। प्रधानमंत्री ने एक ट्विट कर दिया और भूल गए। 25 दिसंबर को काशी में जाकर झाड़ू लगा आए। लेकिन असम जाने की जेहमत नहीं उठाई। क्या 78 मौत से ज्यादा जरूरी है, काशी की सफाई? क्यों 78 मौत के गम से ज्यादा अहम हो गया वाजपेयी और मालवीय को भारत रत्न देने की खुशी ? क्या वाजपेयी जी का स्वास्थ्य अगर ठीक रहता तो  वो नरसंहारों के दुख के बीच भारत रत्न मिलने की खुशी मना पाते। कतई नहीं। 

लोगों को अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में पहुंची बीजेपी असम के नरसंहार के गम से दूर झारखंड और जम्मू में जीत का जश्न मना रही है। कश्मीर में सत्ता का समीकरण सुलझा रही है। झारखंड में नया मुख्यमंत्री खोज रही है।

कांग्रेस को भी परवाह नहीं है। असम में उसी की सरकार है। लेकिन राहुल गांधी मौन है। मुख्यमंत्री तरूर गगोई से सवाल करने के बजाय पार्टी के नेताओं से जम्मू-कश्मीर और झारखंड में हार का हिसाब मांग रहे हैं।

चार दिन पहले जंतर-मंतर पर महाधरना देनेवाली महागठबंधन पार्टी के नेताओं का भी कोई अता-पात नहीं है। खुद को शोषितों का झंडाबरदार कहनेवाले वाम दल के नेता भी कहीं नहीं दिख रहे हैं। इन्हें अभी सड़क पर होना चाहि था। सरकार से 78 मौत का हिसाब मांगना चाहिए था । लेकिन ऐसा कुछ नहीं है।  पाकिस्तान में बच्चों की मौत पर शोक मनानेवाले माननीय अपने देश के बच्चों की मौत पर मौन हैं। हद है ये सियासत।

पाकिस्तान में बच्चों की मौत पर छाती पीटनेवाली हिंदुस्तानी मीडिया के लिए भी असम का नरसंहार बड़ी खबर नहीं है। क्यों नहीं हो रहा महाकवरेज। क्यों नहीं चल रही एक्सक्लूसिव और ब्रेकिंग न्यूज। क्यों नहीं बैठता बड़ा-बड़ा पैनल। क्यों नहीं होती बहस। अखबारों में क्यों नहीं छपता विद्वानों का लेख इस पर।

हकीकत ये है कि नेता-मीडिया-कैंडल जलानेवाली स्वयंसेवी संस्था, सभी एक दूसरे के पूरक हैं। ये तीनों एक-दूसरे के लिए काम करते हैं। शायद ही किसी राष्ट्रीय चैनल का कोई रिपोर्टर असम में तैनात है। गैरहिंदी क्षेत्र होना भी एक वजह है। टीवी चैनलों को नरसंहार पर मातम से ज्यादा वाजपेयी की कविता और भाषण में टीआरपी दिखती है। सस्ता और आसान। नेता वही काम करते हैं, जिससे वो टीवी पर दिखें। वाजपेयी पर बाइट देकर, उनके बारे में कुछ खास बात बताकर वो टीवी पर दिख सकते हैं। अखबारों में छप जाते हैं। लिहाजा असम का नरसंहार उनके लिए मायने नहीं रखता। वाजपेयी को भारत रत्न की खुशी और चुनाव के कवरेज में डूबी मीडिया को स्वयंसेवी संस्थाओं का कैंडल मार्च भी दिखाने की फुर्सत नहीं मिलती। ऐसे में वो भी कैंडल मार्च प्रोग्राम कैंसल कर देते हैं। शर्म है!

इसी देश का एक टुकड़ा है असम। हम जैसे लोग वहां भी रहते हैं। उनकी जिंदगी की कीमत उतनी ही है, जितनी हम दिल्ली में बैठे लोगों की। फिर ऐसा दोहरा रवैया क्यों ? सोचना होगा हमें। जरूर और जल्द। क्योंकि नरसंहार पर ये चुप्पी खल रही है। किसी बड़ी त्रासदी को नोत रही है।

शनिवार, 20 दिसंबर 2014

धर्म-परिवर्तन पर 'धर्मयुद्ध'

 धर्म परिवर्तन पर धर्मयुद्ध छिड़ा हुआ है। धर्म-परिवर्तन की नई-नई परिभाषा गढ़ी जा रही है। अपनी सहुलियत के अनुसार। आार्यावर्त के तमाम विद्वान धर्म और परिवर्तन की विवेचना कर रहे हैं। अर्थ समझा रहे हैं। मायने बता रहे हैं। संविधान का हवाला दे रहे हैं। अनुच्छेदों को छान-छान कर समझा रहे हैं।  टीवी पर चिल्लमपेल है। अखबार पर लंबे-लंबे लेख लिखे जा रहे हैं। मैंने अपनी जिंदगी में पहलीबार पर धर्मपरिवर्तन पर इतनी बड़ी बहस देखी है। पहली बार इतने बड़े-बड़े ज्ञानियों को उगते हुए देख कर अद्भुद लग रहा है। टीकाधारी, दाढ़ीधारी, गमछाधारी, मालाधारियों का मेला लगा है।

संसद में लंबे-लंबे भाषण हो रहे हैं। तर्क और कुतर्कों के मिश्रण से संसद ठप हो रही है। खादी धारियों के तेवर तल्ख हैं। मानों देश में इससे बड़ा मुद्दा कोई है ही नहीं। पहले इसका हल निकालो, फिर आगे किसी बिल पर बहस होगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो देश में आग लग जाएगी।  

इतने सालों में तो कभी आग नहीं लगी। लेकिन इस बार लग जाएगी। सबकुछ खाक हो जाएगा। बहुत चिंतित हैं माननीय। देश के बुद्धिजीवी।  

पता नहीं अब तक ये तमाम धर्म-परिवर्तन मामलों के जानकार कहां छिपे हुए थे। इससे पहले इन्हें धर्म परिवर्तन पर शिक्षा देने की जरूरत महसूस क्यों नहीं हुई। अचानक क्या हो गया कि इन्हें दिव्य ज्ञान की प्राप्ति हो गई। जिसे संसार में छिटने के लिए प्रगट होना पड़ा। लेकिन मन में खोट लिए हुए। आधा-अधूरा। पूर्ण करने की हिम्मत नहीं हो रही। पता नहीं ऐसा क्यों ?

ऐसा नहीं है कि हिंदुस्तान में पहलीबार किसी शख्स, परिवार का या समूह का धर्म परिवर्तन हुआ है। इससे पहले भी थोक भाव में लोगों ने अपना धर्म बदला है। अगर मुगल काल की बात छोड़ भी दें तो आजाद हिंदुस्तान में लोगों ने अपना धर्म बदला है। एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों, हजारों लाखों की तादाद में। लालच देकर धर्म बदलवाया गया। और हां, जिस वक्त अभी संसद में माननीय हंगामा कर रहे हैं, टीवी पर बैठकर ज्ञानी प्रवचन दे रहे हैं, अखबार में लेख लिखे जा रहे हैं उस वक्त भी देश के अलग-अलग हिस्सों में धर्म बदले जा रहे हैं। लेकिन उससे किसी को मतलब नहीं।

जो मनानीय सीताराम येचुरी साहब धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर संसद को अपने सिर पर उठाए हुए हैं, उनके पश्चिम बंगाल से महज कुछ ही दूरी पर झारखंड के आदिवासियों को ईसाई बनाया जा रहा है। लालच देकर बनाया जा रहा है। प्रलोभन देकर आदिवासियों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। क्या ये बात येचुरी साहब को नहीं पता है। अगर नहीं पता है कि शर्म की बात है। अगर पता है तो अब तब क्यों चुप थे। शरद यादव प्रधानमंत्री से जवाब चाहते हैं। लेकिन वो बता पाएंगे कि उनके संसदीय क्षेत्र मधेपुरा से सटे भागलपुर में जो हिंदू को इसाई बनाया गया उस पर वो क्यों नहीं बोल रहे हैं। सिर्फ बिहार और झारखंड ही क्यों, उड़ीसा, केरल, यूपी, देश के तमाम हिस्सों में धर्म-परिवर्तन हो रहे हैं। दशकों से होते आ रहे हैं। लेकिन किसी ने इस मुद्दे को न तो संसद में उठाने की जेहमत उठाई और न ही किसी ने टीवी पर इसको लेकर बहस करने की जरूरत समझी।

ये हंगामा हर वक्त क्यों नहीं होता। ये चर्चा हर समय क्यों नहीं होती है। या फिर कभी भी क्यों होती है। जाहिर है, इसमें हंगामा, चर्चा करनेवालों की मंशा छिपी हुई है। अपने फायदे की।

कुछ लोग तर्क देते हैं कि आदिवासियों को इसाई बनाकर उनके भविष्य को संवारा जा रहा है। क्या, बेहतर जिंदगी देने का वादा करना ,प्रलोभन नहीं है क्या ? अगर नहीं है तो हर किसी के लिए नहीं है। इसमें आप फर्क कैसे कर सकते हैं कि अगर बेहतर जिंदगी की बात कहकर हिंदू से ईसाई या हिंदू से मुस्लिम बना दिया गया तो ठीक है। लेकिन मुस्लिम से हिंदू या ईसाई से हिंदू बना दिया गया तो जबर्दस्ती है। लालच है। ढोंग है। और हां, ये बात भी कई जगह सामने आई है कि पैसे देकर एक धर्म से दूसरे धर्म की लड़कियां खरीदी जा रही है। 

हालांकि ये तमाम बातें वो नेता भी जानते हैं जो हंगामा कर रहे हैं। वो बुद्धिजीवी भी समझते है तो जो अपनी विद्वता की विवेचना करते फिर रहे हैं। लेकिन हकीकत ये है कि सब सियासत है। एक पार्टी का दूसरी पार्टी को घेरने का च्रकव्यूह है। आम लोगों को बरगलाकर सत्ता का सुख पाने की चेष्टा है। धर्म और जाति के नाम पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयत्न है।

शुक्रवार, 19 दिसंबर 2014

ऑटोग्राफ

वो बच्ची छह-सात साल की होगी। मेरे बॉस की बेटी है। शाहरूख खान जब मेरे दफ्तर में आए थे, तो वो देखने आई थी। रात के तकरीबन 12 बजे। एक घंटे से ज्यादा तक कार्यक्रम चला। दीपिका भी थी। फरहा खान भी थी। वो टकटकी लगाए बैठी रही। पूरा कार्यक्रम देखा। मस्ती की। इतनी खुश थी, मानों वो अपनी सपनों की परीलोक में उतर आई हो। प्रोग्राम खत्म होने को हुआ। वो बच्ची शाहरुख के पास पहुंच गई। शाहरुख ने उसके साथ डांस किया। फिर एक-एक कर कई बच्चे शाहरूख की ओर दौड़ पड़े। ऑटोग्राफ लेने के लिए। उस बच्ची को भी ऑटोग्राफ चाहिए था। जो नहीं मिला। दो-चार बच्चे इसमें जरूर कामयाब हो गए। लेकिन वो बच्ची निराश रह गई। शाहरुख चले गए। लेकिन वो रूठ गई। रोने लगी। उसको ऑटोग्राफ चाहिए था। शाहरुख का ही ऑटोग्राफ चाहिए था। और उसकी अपनी डायरी पर ही ऑटोग्राफ चाहिए था। ऑटोग्राफ नहीं मिलने के गम के आगे उसका शाहरूख के साथ डांस की खुशी का कोई मायने नहीं था।

वो रोती रही। उसके पापा उसे समझाते रहे। दूसरे लोग उसे समझाते रहे। लेकिन उसकी आंखें धारप्रवाह बहती जा रही थी। क्योंकि उसे ऑटोग्राफ चाहिए था। उसको इस बात से कोई फर्क नहीं था कि शाहरुख ने उसके साथ, सिर्फ उसके साथ डांस किया। डांस का वीडियो उसके पास है। लेकिन उसे तो सिर्फ और सिर्फ ऑटोग्राफ चाहिए था। जो नहीं मिला। उसे मनाने को तमाम कोशिश उस वक्त नाकामयाब हो गई। पता नहीं बाद में उसके पापा/ मम्मी ने कैसे समझाया होगा।

खैर, फिर मेरे दिमाग में ये सवाल आया कि कोई किसी का ऑटोग्राफ क्यों लेता है? किसी का ऑटोग्राफ मिलने या न मिलने से क्या फर्क पड़ जाता है? किसी का ऑटोग्राफ किसी के लिए क्यों महत्वपूर्ण हो जाता है? छोटी सी बच्ची को तो जरूर किसी ने बताया ही होगा कि किसी सेलिब्रिटीज का ऑटोग्राफ मिल जाना बहुत बड़ी बात होती है। चांद पर पहुंच जाने के बराबर। वरना छह साली की बच्ची के लिए लिए डांस से ज्यादा ऑटोग्राफ अहम नहीं होता।

ऑटोग्राफ के लिए रोते बिलखते सिर्फ वो बच्ची ही नहीं थी, हम में से कई के मन में ये कसक रह गई थी उसे शाहरुख या दीपिका का ऑटोग्राफ नहीं मिला। बड़े-बड़े ऑटोग्राफ को लेकर एक्साइटेड हो जाते है। भीड़ में धक्कम धक्का के बीच ऑटोग्राफ लेने के लिए पिल पड़ते हैं। मेरे कई मित्र अक्सर सीना चौड़ा कर बोलते हैं कि मैंने फलां का ऑटोग्राफ ले लिया। ऐसे बात करते हैं मानों एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर आए हों।

ऐसा क्यों होता है कि कागज के टुकड़े पर किसी के द्वारा आंख मूंदकर हस्ताक्षर कर दिया जाना, इतना मायने रखने लगता है। अक्सर देखते है कि भीड़  में जब कोई किसी को ऑटोग्राफ देता है तो वो लिखता कहीं और है, देखता कहीं और है। खुद को कहीं और महसूस करता है।

पता नहीं लोग उस आंख मूंदकर दिए गए ऑटोग्राफ को कितना सहेज कर रखते हैं। कब तक रखते हैं। और उससे क्या हासिल हो जाता है।

क्या आपको लगता है कि पांच बरस बाद जब आप उसी सेलिब्रिटी से मिलेंगे। उसे वो ऑटोग्राफ दिखाएंगे तो आपको तवज्जो मिलेगा? क्या किसी को ऐसा मिला है ? या ये सबकुछ सुनी सुनाई है?

मुझे नहीं पता। मेरे पास किसी का ऑटोग्राफ नहीं है। किसी का ऑटोग्राफ लेना कभी मैंने जरूरी समझा भी नहीं। शायद कभी होगा भी नहीं। आपको पता हो तो बताइएगा जरूर। इस ऑटोग्राफ के बारे में ज्ञानवर्धन होगा। तर्कसंगत बात अच्छी लगेगी।

सोमवार, 15 दिसंबर 2014

कौवा और मीडिया

शहर का हर कौवा परेशान था। खलबली मची हुई थी। हर कौवा रडार पर था। भाग-भागा फिर रहा थ। किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था । अचानक क्या हो गया ? जो कौवा दिनभर कानफाड़ कांव-कांव करने में सबसे शातिर था, वो भी सहमा हुआ था। टीवी ऑन किया तो हक़ीक़त पता चला। दरअसल शहर का हर कौवा मोस्ट वांटेड घोषित किया जा चुका था। मीडिया के द्वारा।


इन कौवों को खुद अब तक अपने जुर्म की जानकारी नहीं थी। हर कौवा शक की निगाहों में था। खबरनवीस इन्हें खोज रहे थे। चैनलों पर एक मुहिम चल रही थी। सभी चैनल वाले, सबसे पहले । लगातार। सबसे तेज। सबसे सटीक। तमाम कैप्शन के साथ बड़ी खबर, ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव चलाए जा रहे थे।

रिपोर्टर मुजरिम तक पहुंचने के लिए अपने सुराग तलाश रहे थे। टीवी चैनलों पर सूत्रों के हवाले से बड़े-बड़े दावे किये जा रहे थे। कोई अपने सूत्रों के हवाले से बता रहा था कि आरोपी कौवा काला है। कोई बता रहा था आरोपी कौवे की  गर्दन के नीचे सफेद है। कोई कुछ तो कोई कुछ बता रहा था। कोई बता रहा था कि आरोपी कौवे को नीम के पेड़ पर देखा गया है। कोई बता रहा था कि वो गुप्त रास्तों के जरिए विदेश भागने की तैयारी कर रहा है।

मीडिया के प्रेशर में पुलिस चुन-चुन कर कौवों को हिरासत में ले रही थी। कुछ सांसदों ने संसद में मामला उठा दिया था। सदन बार-बार स्थगित हो रही थी।  तभी अचानक कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। बताया गया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। कोर्ट में पेशी है। पीड़ित को भी कोर्ट में बुलाया गया। कोर्ट के बाहर मीडिया वालों की भीड़ जमा थी। हर कोई 'दोषी' कौवे से एक्सक्लूसिव टीकटैक करना चाह रहा था।

जज साहब ने पीड़ित से पूछा कि आपका आरोप क्या है। पीड़ित ने बताया कि एक कौवा उसका कान लेकर भाग गया है। ये बात उसे उसको पड़ोसी ने बताई। थाने गया तो  बात सुने बिना पुलिस ने थाने से भगा दिया। गालियां दी। और धमकी भी दी। जान पहचान के एक पत्रकार साहेब से मिले। उनको बताया। उन्होंने बोला कि फेसबुक पर इसे डाल तो, देखो तुम्हारा काम हो जाएगा। फिर कुछ देर बाद देखा कि सभी चैनलों पर ये खबर चल रही थी। सर, कई न्यूज चैनलवालों को तो मैने फोनों भी दिया है।

जज ने पूछा कि आपने अपना कान चेक किया कि नहीं। पीड़त ने ना में सिर हिलाया। जज के कहने पर उसके सिर से बंदर टोपी हटाकर  दोनों कान चेक किया तो पता चला कि किसी कौवे ने उसका कोई कान लेकर नहीं भागा है।

ये खबर कोर्ट से बाहर आई। ज्यादातर मीडिया वाले अपना-तार और माइक समेटकर चुपचाप खिसक लिये। हालांकि वहां खड़े एक दो रिपोर्ट जरूर अपने टीवी पर लाइव चैट दे रहा था कि हमने तो पहले ही बताया था कि खबर झूठी है।

गुरुवार, 3 जुलाई 2014

वो कभी मरते नहीं...

वो सरकारी कानून को पैर की जूती समझता है। कुरान को कागज का चिथड़ा बताता है। पैगंबर के पैगाम को सूली पर लटकाकर इस्लाम की नई परिभाषा गढ़ रहा है। अपने ही कौम का कत्ल कर दुनिया में इस्लाम का झंडा फहराने चला है।
इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड अल शाम। इस नाम से वो अपना गिरोह चलाता है। उसका अपना कानून है। अपने कायदे हैं। इंसानियत की अपनी परिभाषा है। धर्म और पर्व को अपनी सहुलियत से बखान करता है। वो पूरी दुनिया के मुसलमानों को एक इमाम के खूंटे बांधना चाहता है। लोकतंत्र को रौंद कर पूरे कौम को एक खलीफा के हवाले करना चाहता है।
उसके सामने मर्द जिंदगी की भीख मांगते हैं। महिलाएं इज्जत बचाने की लिए गिड़गिड़ाती है। औरतों के जिस्म को खिलौना समझता है। वो बच्चों को मां की छाती से छीनकर गोलियों से भून देता है। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाओं को कतार में बैठाकर उनके ऊपर टैंकर चला देता है। वो खुद को मुसमलानों का सबसे बड़ा मसीहा बता रहा है। खुदा से भी बड़ा। खुद को खलीफा कहता है।
इराक की हर गली में। हर चौराहे। हर मोड़ पर वो खौफ बनकर खड़ा है। स्कूल जानेवाले बच्चों के जेहन में। फैक्ट्री में काम करनेवाले मजदूर और दफ्तर में बैठकर फाइल पलटनेवाले अफसरानों के दिमाग में। रेडलाइट पर भीख मांगनेवाली बुढिया की आंखों में वो डर बनकर बसता है।
नफरत उसकी रूह में है। हर कीमत पर अपने मंसूबे में कामयाब होना चाहता है। बेकसूर, नौजवानों को बहकाता है। जिहाद के नाम पर जान देने के लिए तैयार करता है। मरने और मारने का ट्रेनिंग देता है।
महिषासुर,हिरण्यकश्यप,ताड़कासुर के बारे में सिर्फ सुना है। लेकिन इन्हें देखकर यकीन होता है कि वो भी कितने खौफनाक रहे होंगे। कितने बेशर्म, बेरहम, बेदर्द, बेदिल रहे होंगे। मौत जिनके लिए खेल है।   
वाकई शैतान भी कभी मरते नहीं। बस, शरीर परिवर्तन होता है। कभी महिषासुर, ताड़कासुर के नाम से जाने जाते हैं, कभी ओसामा बिन लादेन के नाम से, कभी कर्नल गद्दाफी के नाम से तो कभी बगदादी के नाम से जाने जाते हैं। 

शनिवार, 12 अप्रैल 2014

नेताजी से खास इंटरव्यू (पार्टी वन )

नमस्कार....हमारे साथ मौजूद हैं छद्म समाजवाद के सबसे बड़े पुरोधा। सियासी बाजार में इन्हें नेताजी के नाम से जाना जाता है। आजकल बलात्कारियों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। नेताजी के इस ऐतिहासिक पहल पर विरोधी थू थू कर रहे हैं। लेकिन नेताजी अपने स्टैंड पर कायम हैं। आज हम इन्हीं से जुड़े तमाम मुद्दों पर नेताजी से बातचीत करेंगे। नेताजी बहुत बहुत स्वागत है......

जी धन्यवाद

नेताजी, रेप ओर रेपिस्टों को लेकर आपने ये क्या कह दिया ?
मैंने जो कहा, वो बिल्कुल सही कहा। आप भी नौजवान हैं। हम भी कभी नौजवान थे। हमे पता है कि जवानी में किस किस तरह की गलतियां हो जाती है। युवा जोश में होश खो देते हैं। इसका मतलब ये तो नहीं कि उसे फांसी पर लटका दो। उसे जान से मार दो।

लेकिन नेताजी, समाज में, कानून में इसे घृणित कार्य माना जाता है। आप ने देखा था कि दिल्ली में किस तरह की हैवानियत हुई थी। आवाम के कहने पर ही कानून में बदलाव किया गया है।
देखिए दिल्ली में जो हुआ वो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण था। उसकी हम निंदा करते हैं। वो बिल्कुल गलत था। लेकिन कानून बदलकर सजा-ए-मौत कर देना ये भी तो ठीक नहीं है। हम आपको बता दें कि अक्सर लड़कियां झूठा आरोप लगाती है। बेचारे नौजवानों की जिंदगी बर्बाद हो जाती है। और आप मीडिया वाले तो बेचारे नौजवानों के पीछे ही पड़ जाते हैं। नौजवान देश के भविष्य हैं। सोचिए कितनी मर्दांगी का काम करते हैं वे लड़के। लड़कियों का क्या है, घर में ही तो रहना है।

तो आपकी सरकार अगर बनेगी तो बलात्कार के खिलाफ कानून में कोई परिवर्तन करेंगे।
जरूर करेंगे। यही बात तो हमने कही थी। अगर हमारी सरकार बनी तो सबसे पहले धारा 376 और धारा 376 (ई) को खत्म करेंगे। उसके बदले हम एक सॉफ्ट कानून बनाएंगे। जिसमें एक बार रेप करने पर उसे सुधरने का मौका दिया जाएगा। उसे समाजवादी पार्टी में शामिल किया जाएगा और पार्टी के लिए काम करने का मौका मिलेगा। अगर उसके बाद भी उसने ऐसा काम किया तो फिर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसे कुछ दिन के लिए जेल भेजा जाएगा।

लेकिन सर, यूपी में.....
हां, आप उत्तर प्रदेश में देखिए। हमने नजीर पेश की है। हर दिन दसियों बलात्कार की घटना होती है। कहीं कोई सजा नहीं। ज्यादा से ज्यादा केस दर्ज हो गया। लेकिन समाजवादियों के खौफ से पुलिस भी उन्हें छोड़ देती है। यूपी में तो यहां तक हमने कह दिया है कि अगर लड़की ज्यादा चायं चुपुड़ की तो उसे जिंदा जला दो। और हमे गर्व है कि हमारे राज्य के लड़के इसे बखूबी अंजाम दे रहे हैं।

नेताजी, आपकी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता हैं, अबू आजमी साहब, उन्होंने कहा कि रेप की शिकार लड़की को भी फांसी होनी चाहिए।
बिल्कुल सहा कहा अबू साहब ने। हमारे पार्टी के अनुभवी नेताओं में से वो एक हैं। बताइए, कोई नौजवान लड़के क्यों बहक जाते हैं। क्योंकि ये लड़कियां छोटे छोटे कपड़ पहनकर घूमती है। ऐशन फैशन में रहती है। सरेआम चुम्मा-चाटी करने लगते हैं। बेचारे नौजवानों का मन बहक जाता है। गलतियां कर देते हैं। आप ही बताइए, दोषी तो दोनों हुए ना। इसलिए जितनी सजा बलात्कारी को मिलनी चाहिए, उतनी ही सजा बलात्कार की शिकार लड़की को भी मिलनी चाहिए।

तो क्या नए कानून में इसकी व्यवस्था होगी।
जी, जरूर होगी। अगर सजा मिली तो दोनों को मिलेगी। और हां, हम बता देना चाहते हैं कि इसीलिए हम संसद में महिला विधेयक का विरोध करते रहे हैं। अगर महिलाओं को और अधिकार मिल गया तो हमारे बलात्कारी भाई,बंधु की जिंदगी बर्बाद करके रख देंगे ये लोग। पुरुषों के सामने महिलाएं आवाज उठाएगी तो उस समाज का, देश का इज्जत क्या रहेगा।

आपकी सरकार बनी तो बलात्कारियों को राहत मिलेगी।
देखिए, हम नौजवानों से कह देते हैं। उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं हैं। हम उनके साथ है। समाजवादी पार्टी उनके साथ हैं। और इस लोकसभा चुनाव में भारी मतों से समाजवादी पार्टी को जिताओ और साइकिल चलाओ।

लेकिन सर, महिलाएं तो आपके इस स्टैंड से काफी नाराज हैं।
देखिए, महिलाएं, हमारी बहन,बेटी, मां हैं। हम उनकी बहुत इज्जत करते हैं। अगर हमारे युवा थोड़ा बहुत बहक जाते हैं तो उनके खिलाफ शिकायत करने के बजाय उन्हें सुधारें।


नेताजी से और भी कई मसलों पर चर्चा होगी, एक छोटे से ब्रेक के बाद। 

मंगलवार, 11 मार्च 2014

मौकापरस्ती की सियासत

लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। तारीखें तय हो चुकी है। महासमर के लिए सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। तैयारी में कहीं से कोई खोट ना रह जाए, इसके लिए साम-दाम-दंड-भेद सभी तरह के हथियारों पर शान चढ़ाए जा रहे हैं।

नेताओं का दल बदल जारी है। गठबंधन का टूटना, बिखरना और जुड़ना लगातार जारी है। नैतिकता के नए-नए परिभाषा हर रोज गढ़े जा रहे हैं। हर दिन धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिकता की नई सीमा बनायी जाती है और फिर उसे सुविधा के मुताबिक तोड़ दी जाती है। अवसरवाद के बाजार में महत्वाकांक्षी नेता अपने इमान, नीयत, सोच, दावे और वादे सरेआम नीलाम कर रहे हैं।

कल तक जो नेता मोदी को हत्यारा, कट्टरवाद, राक्षस, सांप्रदायिक कह कर गरिया रहे थे, आज वो उनके नाम का माला जाप रहे हैं। जो बीजेपी की विचारधारा से ओतप्रोत थे, उन्हें अब इस पार्टी में सांप्रदायिकता की बू आने लगी है। चालीस सालों तक गांधी परिवार के इशारों पर नाचने वाले कांग्रेसी को अब पार्टी में लोकतंत्र का अभाव खटक रहा है। लालू को गाली देकर जेडीयू का दामन थामने वाले फिर से आरजेडी में शामिल हो रहे हैं। तो जिंदगी भर लालटेन में तेल भरने वाले दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं। उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक हर राज्य में छोटे बड़े दलों के नेताओं में भागमभाग है। है करनेवाली बात ये है कि इन दल बदलू नेताओं को धड़ल्ले से टिकट भी मिल रहा है।

स्वस्थ्य लोकतंत्र के लिए ये बेहद ही चिंता की बात है। चुनाव की आहट पाकर जो नेता नैतिकता को ताक पर रखकर अपना सियासी सिद्धांत बदल लेता है, वो चुनाव जीतने के बाद जनहित में किए गए अपने दावे और वादे पर अडिग रहे, ये कैसे मुमकिन हो सकता है। जब ये नेता एक अदद टिकट के लिए अपनी पार्टी को भूल जाते हैं। अपने नेता को गरियाने लगते हैं। इन्हें उन जनता को भूलने में कितना वक्त लगेगा।

जाहिर है ऐसे मौकापरस्त नेता सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं ना कि लोगों के बारे में। समाज के विकास के बारे में। इनके लिए चुनाव एक ऐसी परीक्षा है जिसे पास करने के बाद पांच साल तक लूटने का लाइसेंस मिलता है। पावर मिलता है। ताकत मिलती है। लोगों में पूछ बढ़ती है। इसलिए वो इस परीक्षा को पास करने के लिए सारे तिकड़म लगा देते हैं। और जो पार्टी ऐसे पलटीमार नेताओं को टिकट देती है, उसे सिर्फ शीर्ष का सत्ता दिखाई पड़ता है। वो किसी तरह जादुई आंकड़े को छूना चाहती है। चाहे वो हत्या के आरोपी, भ्रष्ट, लूट के आरोपी और दल बदलूओं के दम पर ही क्यों ना पूरा करना पड़े।


लोगों को इस तरह के नेताओं को नकारने की जरूरत है। चाहे वो किसी भी दल के हों। किसी भी बड़े नेता के आशीर्वाद से चुनाव लड़ रहे हों। 

मंगलवार, 4 मार्च 2014

केजरीवाल जी के नाम एक पत्र

हैलो केजरीलवाल जी
सबसे पहले आपको ढेर सारी बधाई कि आप नेता बन गए। आप में सुयोग्य नेता के गुण झलकने लगे हैं। आपके बॉडी लैंग्वेज से। आप की भाषा से। आप की सोच से। आपके कारनामो से। उम्मीद नहीं थी कि सियासत का सबसे बड़ा शस्त्र आप इतनी जल्दी उठा लेंगे। खैर, इतना तो पता था कि आप में पेसेंस की कमी है। वो भी बात जब देश को लेकर हो। सत्ता को लेकर हो।

वैसे अच्छ ही किया आपने। आपका जो मौलिक मुद्दा था भ्रष्टाचार का वो सिर्फ आंदोलन के लिए सही था। भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर सिर्फ अनशन कर सकते हैं। लोगों को जेहनी तौर पर जोड़ सकते हैं। वोट नहीं बटोर सकते। खासकर दिल्ली से बाहर। विकास, भ्रष्टाचार तो लिक्वीड और गैस टाइप मुद्दा है। जो जरा सा पानी में घुल जाता है या हवा में उड़ जाता है। रानजीति के लिए ठोस मुद्दा चाहिए। जो दंगा और धर्मनिरपेक्षता है। इसलिए आजकल आप जहां भी जाते हैं वहां दंगा कांड वाचते सुनाई पड़ते हैं।    

वैसे नेता का एक गुण तो आप में शुरू से रहा है। पलटीमार गुण। नेता लोग बहुत जल्दी अपनी कही बात भूल जाते हैं। सुबह में कुछ और शाम में कुछ और।

प्रैक्टिकल पॉलिटिक्स का सबसे बड़ा योद्धा वो माना जाता है जो जितनी आसानी से, जितने अधिक दिनों तक जनता को बेवकूफ बनाकर रखे। इसमें तो सर आप पक्का ग्रैजुएट हैं। पीजी, पीएच की डिग्री लेने में अभी आपको वक्त लगेगा। क्योंकि आपके वंश (राजनीति) में एक से बढ़कर एक महापुरूष पैदा हुए हैं। जिन्होंने सालों क्या दशकों तक लोगों को सफलतापूर्वक बरगलाकर रखा। लेकिन आप भी कम नहीं हैं, जल्द ही इस मामले में आप उन लोगों को पीछे छोड़ देंगे। बानगी तो आप दिखा ही चुके हैं।

एक और बात के लिए आपको शुक्रिया कहना चाहूंगा कि आपने खासलोगों को एक ही झटके में आम बना दिया। मीरा सान्याल, आशुतोष, राजमोहन गांधी सरीखे लोगों को कितनी आसानी से आपने ने लोकसभा चुनाव का टिकट देकर आम आदमी बना दिया। जवाब नहीं है आपका। आपने फर्रूखाबाद में आपने किसी अनजान विक्लांग को टिकट देने का वादा किया था, लेकिन सशरीर तंदरुस्त फेमस आदमी को उम्मीदवार बना दिया।

सुने हैं कि आप भी लोकसभा चुनाव लड़ने वाले हैं। राखी बिड़लान को उम्मदीवार बनाएंगे। बढ़िया हैं। जो अपनी अपनी जुबान पर कायम रहे वो नेता क्या।

जब आपने पार्टी बनाई थी तो सब यही कहते थे कि पार्टी तो बना ली, लेकिन नेताओं वाला कमीनापन कहां से लाओगे। लेकिन आपने अपनी क्षमता का पूरा प्रमाण दिया। आप हुनरमंद हैं। आप जिद्दी हैं। आप जो ठान लेते हैं वो करते हैं। और आप नेताओं के तमाम गुण निरंतरता के साथ सीखते जा रहे हैं। ये शुभ संकेत हैं आपके सियासत के लिए।

आजकल आप नेताओं को चिट्ठी बहुत लिख रहे हैं, इसलिए सोचा मैं भी एक चिट्ठी लिख दूं। मैं इसके प्रत्युत्तर की उम्मीद नहीं करता हूं। क्योंकि जब आपने अपने गुरू अन्ना जी की चिट्ठी का जवाब नहीं दिया तो मुझे क्या खाक जवाब देंगे। खैर, नेता लोग चिट्ठी का जवाब नहीं देते हैं। आंदोलनकारी देते हैं। जो अब आप रहे नहीं।

धन्यबाद

देश का एक आम आदमी (टोपी रहित)