गुरुवार, 5 फ़रवरी 2015

मोदी जी के नाम एक चिट्ठी



( नोट- इसे मोदी जी के लोकसभा चुनाव के पहले दिए गए भाषण को ध्यान में रखककर पढ़ें) 

मोदी जी नमस्कार

आपकी सरकार 9 महीने पूरे करनेवाली है, लेकिन विकास कहीं नजर नहीं आ रहा है।आपने ब्याज समेत वापस करने का वादा किया था, लेकिन अब तक मूलधन भी नहीं मिला। मोदी जी, आपको कहीं विकास दिख रहा है क्या? बताइए मोदी जी। आपने कहा था कि अच्छे दिन आने वाले हैं। आप ही बताइए मोदी जी, कि अच्छे दिन आ गए क्या? क्या इसे ही अच्छे दिन कहते हैं? बताइए मोदी जी। देश जानना चाहता है। आप कहते थे कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली है। बदली क्या? देश जवाब चाहता है मोदी जी। सिर्फ प्रधानमंत्री बदला। मंत्रिमंडल बदला। और क्या बदला ?

आप कहते थे कि आपके राज में महिलाओं पर अत्याचार नहीं होगा। लेकिन 9 महीने बाद भी क्या हुआ? महिलाओं पर जुल्म बंद हो गए क्या? मैं आप ही से पूछना चाहता हूं मोदी जी कि बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित हो गई क्या? बताइए मोदी जी। नहीं ना। हमारी देश की बहन-बेटी आज भी सड़क पर अकेले निकलने में डरती हैं। मोदी जी। दिल्ली में बलात्कार और हत्या की घटनाओं में कोई कमी नहीं आई है। कुछ भी नहीं बदला। आपके राज में भी। फिर आपको प्रधानमंत्री बनाने का क्या फायदा? क्या मिला आपको प्रचंड बहुमत देकर। कुछ तो कीजिए। आप सरकार हैं।

मोदी जी। आपने महंगाई कम करने का वादा किया था। हम जैसे आम लोगों ने इसी भरोसे आपको वोट दिया था कि सस्ती सब्जी मिलेगी। भरपेट खाना मिलेगा। लेकिन क्या मिला? देश जानना चाहता मोदी जी कि क्या महंगाई कम हुई? क्या सब्जी-तेल के दाम कम हुए ? बताइए मोदी जी, कुछ सस्ता हुआ क्या ? नहीं ना? बोलिए। नही ना? फिर क्या हुआ?  क्या किया आपने। गरीब जनता आज भी महंगाई से त्राहि-त्राहि कर रही हैं।

तेल के दाम कम हुए। लेकिन किराया जो बढ़ा वो कम नहीं हो रहा है। बताइए पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए तो किराया भी कम होना चाहिए था ना? लेकिन नहीं हुआ। आप को नहीं पता होगा। आप तो दस डेग भी हेलिकॉप्टर से ही चलते हैं। पता करवा लीजिएगा। किसी ने नहीं किराया घटाया। आप ही बताइए। क्या इसे ही अच्छे दिन कहते हैं क्या ?

माननीय मोदी जी। उस काले धन का क्या हुआ ? जो आप 100 दिन के भीतर वापस लाने वाले थे। 9 महीने हो गए मोदी जी। अब तक एक पाई भी वापस नहीं आया। देश के गरीब पूछ रहे हैं कि उनके खाते में 15 लाख रुपए कब आएंगे। आएंगे भी या नहीं? या बाकी चुनावी वादों की तरह विदेशों से कालेधन लाने का वादा हवा में उड़ जाएगा ? मोदी जी, देश के गरीब आपकी तरफ आंख पसारे देख रहे हैं।

देश जानना चाहता है मोदी जी कि दूसरी पार्टी के नेताओं की तरह आपने भी लोगों के साथ छल नहीं किया क्या ? क्या आपने लोगों को बेवफूक नहीं बनाया? क्या आपने झूठ बोलकर लोगों से समर्थन नहीं लिया? देश के सवा सौ करोड़ जनता आपसे ये पूछ रही है कि आप ने जो राम राज का सपना दिखाया था, वो कब पूरा होगा ? या फिर अगले चुनाव तक का इंतजार करना पड़ेगा?

इतना ही नहीं मोदी जी, देश के युवा आपसे सवाल कर रहे हैं कि क्या बेरोजगारी कम हुई? क्या नौजवानों को रोजगार मिला? उनके लिए आपने अब तक क्या किया है? बहुत उम्मीदों के साथ युवाओं ने आपका साथ दिया था मोदी जी। अब तक कहीं बंपर वैकेंसी नहीं निकली। न ही स्किल डेवलप करने के लिए कोई काम हुआ। न ही एजुकेशन की दिशा में ठोस पहल हुई है। आप ही बताइए मोदी जी अभी तक हुआ क्या है ? बताइए मोदी जी। देशभर के युवा आपसे जानना चाहते हैं।

बहुत बड़े-बड़े वादे कर आपने पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार के लिए वोट मांगे थे। लोगों ने दिल खोलकर समर्थन किया। प्रचंड बहुमत दिया। लोगों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी। लोगों को लगा कि एक ऐसा प्रधानमंत्री हमें मिलनेवाला है, जो सबकुछ बदल देगा। लेकिन आज देश की 125 करोड़ जनता पूछ रही है कि क्या आप अपने वादे पूरे किए? नहीं किए ना? सिर्फ बैंक एकाउंट खुलावाने से क्या होगा मोदी जी? उसमें पैसा भी चाहिए ना? वो कहां से आएगा?

मोदी जी एलओसी पर फायरिंग बंद नहीं हुई। सीमा पार से घुसपैठ जा रही है। पाकिस्तान की तरफ से रूक- रूक कर गोलीबारी होती रहती है। चीन भी बीच-बीच में हिमाकत करता रहता है। देश जानना चाहता है मोदी जी, कि आपके 56 इंच का सीना आखिर किस काम का? कब तक सरहद पर देश के बेटे शहीद होते रहेंगे? हमारे देश के बेटे गोली से छलनी होते रहेंगे? कब तक बहन-बेटियां विधवा होती रहेगी? बहन-बेटियों के सिंदूर आपसे हिसाब मांग रहा है मोदी जी?

मोदी जी आपको कुछ और बातें याद दिलाना चाहता हूं। चुनाव से पहले आप कहते थे कि आप की सरकार बनेगी तो देश तरक्की करेगा। दुनिया में डंका बजेगा। 9 महीने हो गए मोदी जी। क्या हुआ। दूसरे देशों के प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति के आने-जाने के सिवाय और क्या हुआ। देश जानना चाहता है मोदी जी कि गरीबों के हक के लिए क्या हुआ?

मोदी जी, कब तक देश को उम्मीदों पर जीना होगा? कब तक सपने देखकर दिन कटेंगे? कुछ काम भी होगा या आप यू हीं विदेश घूमते रहेंगे? 

मोदी जी आपने अपने कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी ली है। लोगों को आपसे बहुत सारी उम्मीदें हैं। अपने वादों के मुताबिक आपको कुछ बहुत बड़ा करना होगा। कुछ कर के दिखाना होगा। मैं भी जानता हूं कि 9 महीने में आप आसमान से तारे नहीं तोड़ लाएंगे। फिर भी कुछ तो करेंगे! अभी भी आपके पास मौका है। कुछ तो करिए। ऐसा न हो कि लोगों की आप के ऊपर से भी भरोसा उठ जाए। संभल जाइए।

भारत माता की जय। भारत माता की जय।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें